Lucknow fire news: शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग, पड़ोसियों ने 10 साल के बच्चे को बचाया
लखनऊ के पारा थानाक्षेत्र स्थित सदरौना की कांशीराम कॉलोनी में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। शॉर्ट सर्किट के कारण एक मकान में भीषण आग लग गई, जिसमें 10 साल का एक बच्चा फंस गया। पड़ोसियों की सूझबूझ और तत्परता से बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना से कॉलोनी में हड़कंप मच गया।
यह घटना कांशीराम कॉलोनी के ग्राउंड फ्लोर पर हुई। मकान मालिक मो. इरशाद ई-रिक्शा चालक हैं। घटना के समय वह काम पर गए थे और उनकी पत्नी भी बाहर थीं। उनका 10 वर्षीय बेटा फरहान घर में अकेला था। अचानक कमरे में आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटें देखकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। उन्होंने पहले खुद ही पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बढ़ती गई। इसी बीच फरहान के चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने साहस दिखाते हुए उसे आग के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पारा पुलिस और आलमबाग फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आलमबाग एफएसओ धर्मपाल सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत होता है। हालांकि, स्थानीय निवासियों ने इस घटना के पीछे एक गंभीर समस्या की ओर इशारा किया है। उनका कहना है कि कॉलोनी में बड़े पैमाने पर बिजली चोरी होती है और लोग “कटिया” लगाकर बिजली का इस्तेमाल करते हैं। उनका मानना है कि इसी कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लगी। इस घटना में ई-रिक्शा चालक के घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया।
