47 साल पुरानी ₹300 की जमा राशि ब्याज सहित वापस करेगा एलडीए, 20 लोग पहुंचे जनता दरबार
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के जनता दरबार में गुरुवार को कई पुराने मामले सामने आए, जिनमें से एक 47 साल पहले मकान खरीदने के लिए जमा किए गए ₹300 की राशि ब्याज सहित वापस लेने का मामला भी था। विजयनगर निवासी एमपी अवस्थी ने बताया कि उनके पिता ने 1979 में मकान के लिए यह राशि जमा की थी, लेकिन उन्हें मकान आवंटित नहीं हुआ।
जनता दरबार में पहुंचे अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं बताईं। सेक्टर जे जानकीपुरम निवासी सुमंत कुमार राव टूटे पैर के साथ वॉकर के सहारे पहुंचे, क्योंकि 80 दिन बाद भी उनके प्लॉट का दाखिल-खारिज नहीं हुआ था। वहीं, कानपुर रोड निवासी विवेक ने आरोप लगाया कि एलडीए ने उनके मकान का नक्शा और कंपाउंडिंग पास करने के बाद अब रजिस्ट्री को फर्जी बता रहा है। जानकीपुरम निवासी यमुना प्रसाद 2010 में पूरा भुगतान करने के बावजूद 15 साल से रजिस्ट्री के लिए दौड़ रहे हैं।
अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि गुरुवार को लगभग 20 लोगों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
