K3G 2 पर Kareena Kapoor Khan ने तोड़ी चुप्पी, OTT को लेकर कही ये बड़ी बात
मुंबई में आयोजित ZEE संवाद रियल हीरोज 2026 पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में उन्हें सम्मानित किया गया, जहां उन्होंने अपने फिल्मी करियर से लेकर निजी जीवन के अनुभवों तक पर खुलकर बात की। करीना ने इस दौरान ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के उदय और करण जौहर की प्रतिष्ठित फिल्म ‘कभी खुशी कभी गम’ के संभावित सीक्वल को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी राय रखी।
करीना कपूर खान से जब ‘कभी खुशी कभी गम’ के सीक्वल (K3G 2) के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी मुलाकात करण जौहर से हुई थी, लेकिन उन्होंने भी इस विषय पर कोई चर्चा नहीं की। करीना के इस बयान से फिलहाल K3G 2 को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है।
ओटीटी प्लेटफॉर्म्स के बढ़ते प्रभाव पर करीना ने कहा कि यह एक ‘वेलकमिंग चेंज’ है। उन्होंने कहा कि ओटीटी के आने से कलाकारों, लेखकों और संगीतकारों को नए अवसर मिले हैं। करीना ने कहा, “ओटीटी के आने से हमें एक मौका मिला है, चाहे म्यूजिक में हो, स्क्रिप्टिंग में हो या एक्टिंग में हो। हम भी अच्छे कंटेंट की तलाश में हैं।”
इस दौरान करीना ने अपने पति सैफ अली खान पर हुए हमले और बेटे तैमूर पर इसके मानसिक प्रभाव के बारे में भी बात की। ZEE संवाद रियल हीरोज 2026 पहल उन व्यक्तियों को सम्मानित करती है जिन्होंने अपने साहस और रचनात्मक सोच से समाज पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाला है।
