Kanpur road accident: होली के त्योहार पर कानपुर में मातम, तीन लोगों की दर्दनाक मौत
कानपुर में होली के त्योहार के दौरान शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। इन हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे उनके घरों में मातम पसर गया। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
सचेंडी के चकरपुर निवासी 36 वर्षीय रामसगुन पाल सब्जी बेचकर बुधवार रात को घर लौट रहे थे। देर रात करीब एक बजे वह घर के पास नाली में पड़े मिले। परिजनों ने उन्हें हैलट अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि रामसगुन की पत्नी 10 दिन पहले बच्चों के साथ मायके गई थी, जिसके बाद वह लगातार शराब पी रहे थे। पुलिस के अनुसार, संभवतः नाले में गिरने से उनकी मौत हुई है।
गुजैनी के रविदासपुरम निवासी 26 वर्षीय मजदूर बाबू बुधवार दोपहर बाइक से अपने दोस्तों से मिलने गोविंदनगर जा रहे थे। रास्ते में अंबेडकर नगर स्थित पाल मेडिकल स्टोर के पास सामने से आ रही एक अन्य बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। बाबू ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
तीसरी घटना कैंट के झाड़ी बाबा पड़ाव के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण निवासी 26 वर्षीय सुमन पटेल के रूप में हुई, जो पिछले तीन साल से शहर में रहकर मजदूरी कर रहे थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद उनकी पत्नी और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।
