Kanpur news: शादी में डांस करते हुए दिल्ली से आए युवक की मौत, मातम में बदलीं खुशियां
कानपुर देहात के मनकी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए 30 वर्षीय युवक की अचानक मौत हो गई। युवक अपने दोस्त की बेटी की शादी में शामिल होने दिल्ली से आया था। देर रात द्वारचार की रस्म के दौरान जब डीजे पर डांस चल रहा था, तभी युवक अचानक गश खाकर जमीन पर गिर पड़ा।
आनन-फानन में युवक के दोस्तों और परिजनों ने उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। उसे तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हृदय गति रुकना प्रतीत हो रहा है।
मृतक की पहचान दिल्ली के अशोक विहार निवासी ऋषभ बरतला के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त सुनील कुमार की बेटी सोनम की शादी में शामिल होने आया था। दूल्हा इटावा का रहने वाला है और दिल्ली में नौकरी करता है। ऋषभ की मौत की खबर से शादी का माहौल पूरी तरह से गमगीन हो गया। परिजनों के अनुरोध पर ऋषभ के दोस्त शव लेकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस घटना के बाद शादी की शेष रस्में सादगी से पूरी की गईं और दुल्हन की विदाई कर दी गई।
