कानपुर देहात news: शादी में डांस करते युवक की मौत, दोस्तों में मचा हड़कंप
कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मनकी गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब दूल्हे के दोस्त की अचानक मौत हो गई। दिल्ली से बारात में शामिल होने आए 30 वर्षीय रिषभ बरतला की डांस करते समय अचानक तबियत बिगड़ गई। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से शादी की खुशियों पर ग्रहण लग गया।
जानकारी के अनुसार, मनकी गांव निवासी सुनील कुमार की बेटी सोनम की शादी इटावा के मनी कुशवाहा से तय हुई थी। दूल्हा मनी दिल्ली में नौकरी करता है और वहीं रहता है। शनिवार रात इटावा से बारात मनकी पहुंची। बारात में दूल्हे के दोस्त रिषभ बरतला (शास्त्री नगर, दिल्ली) भी शामिल थे। देर रात द्वारचार की रस्म के दौरान रिषभ डीजे पर डांस कर रहे थे।
भोर पहर करीब 4 बजे डांस करते समय रिषभ अचानक गश खाकर गिर पड़े। वहां मौजूद दोस्तों और बारातियों में हड़कंप मच गया। रिषभ को तुरंत सीएचसी रसूलाबाद ले जाया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर शैलेंद्र कुमार ने जांच के बाद रिषभ को मृत घोषित कर दिया। रिषभ के इकलौते बेटे होने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। दोस्तों ने शव को दिल्ली ले जाने का फैसला किया।
दोस्त की मौत के बाद विवाह की रस्में सादगी से पूरी की गईं। दूल्हा-दुल्हन को विदा कर दिया गया, लेकिन पूरे गांव में इस दुखद घटना की चर्चा रही।
