Kanpur news: कचहरी परिसर में फंदे से लटका मिला मुंशी का शव, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर में कचहरी परिसर के अंदर एक अधिवक्ता के चैंबर के बाहर रेलिंग से लटका मुंशी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हरबंश मोहाल दानाखोरी निवासी 39 वर्षीय आदित्य विक्रम शर्मा के रूप में हुई है। आदित्य पिछले 15 वर्षों से अधिवक्ता मयंक गोयल के यहां मुंशी का काम करते थे।
परिजनों के अनुसार, आदित्य रविवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे और कहा था कि वह कुछ देर में लौट आएंगे। लेकिन जब वह देर रात तक नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। देर रात करीब 11:30 बजे कचहरी परिसर में चाय का होटल चलाने वाले एक व्यक्ति ने रेलिंग से लटके शव को देखकर पुलिस को सूचना दी।
परिवार ने पुलिस को बताया कि आदित्य पिछले तीन दिनों से किसी बात को लेकर काफी परेशान थे। आशंका है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया। कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
