कानपुर में युवक की सरेराह पिटाई, ‘ब्राह्मण भी पैर छूते हैं’ कहने वाली महिलाओं का वीडियो वायरल (Kanpur news)
उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक युवक की सरेराह पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ महिलाएं युवक को चप्पलों से पीटती नजर आ रही हैं। इस दौरान एक महिला ने जातिसूचक टिप्पणी करते हुए कहा कि ‘ब्राह्मण भी मेरे पैर छूते हैं’। यह घटना गुजैनी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवती कुछ अन्य महिलाओं के साथ मिलकर युवक को पीट रही है। इस दौरान वहां मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाएं युवक को मारते हुए अपशब्द कहती सुनाई दे रही हैं। एक महिला को यह कहते हुए भी सुना जा सकता है, ‘ब्राह्मण भी मेरे पैर छूते हैं’।
पुलिस के अनुसार, यह मामला 10 मार्च को दर्ज कराई गई शिकायत से जुड़ा है। एक युवती ने आरोप लगाया था कि 9 मार्च को आरोपी युवक ने उसके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसने बाल पकड़कर जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ छेड़छाड़ की। युवती का यह भी आरोप है कि युवक ने उसकी गर्दन पर नोंचने और काटने की कोशिश की।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
