कानपुर news: विधायक के ड्राइवर ने गर्भवती पत्नी के पेट में मारी लात, FIR दर्ज
कानपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में एक गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति ने उसके पेट में लात मारी और उसे घर से निकाल दिया। पति एक क्षेत्रीय विधायक का ड्राइवर बताया जा रहा है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी मार्च 2019 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले उस पर 100 वर्ग गज का प्लॉट और कार लाने का दबाव बनाने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
महिला 17 जनवरी को अपने मायके चली गई थी। 7 फरवरी को जब वह अपने मामा और बुआ के साथ ससुराल लौटी, तो ससुरालियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पति ने दो माह की गर्भवती पत्नी के पेट में लात मार दी और उसे घर से बाहर निकाल दिया।
कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
