लखनऊ में बेटे ने पिता को गोली मारकर की हत्या, शव के टुकड़े नहर में फेंके; Lucknow crime news
लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में एक पैथोलॉजी कारोबारी मानवेंद्र सिंह की हत्या का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि उनके बेटे अक्षत ने ही पिता को सोते समय सिर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। इस जघन्य अपराध ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस की पूछताछ में अक्षत ने बताया कि 19 फरवरी को देर रात नीट की पढ़ाई को लेकर पिता से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद 20 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे उसने बेडरूम में सो रहे पिता के सिर से राइफल सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से कमरे में मांस के लोथड़े फैल गए थे। गोली की आवाज सुनकर उसकी बहन कृति जाग गई, जिसे उसने धमकाकर चुप करा दिया।
हत्या के बाद अक्षत शव को बाथरूम में घसीट कर ले गया, जहाँ उसने आरी और चाकू से हाथ-पैर काट दिए। कटे हुए हिस्सों को एक बोरी में भरकर उसने अगले दिन कार से सदरौना में नहर किनारे झाड़ियों में छिपा दिया था। मंगलवार को पुलिस टीम अक्षत को घटनास्थल और शव छिपाने वाली जगह पर ले गई, जहाँ से मानवेंद्र सिंह के कटे हुए हाथ-पैर बरामद किए गए।
एसीपी कैंट अभय प्रताप मल्ल ने बताया कि आरोपी अक्षत को उसके घर ले जाकर मौका मुआयना किया गया, जिसके बाद नहर के पास से उसके पिता के हाथ-पैर बरामद हुए। अक्षत ने यह भी बताया कि उसने खून से सने तकिया और कंबल को भी बोरी में भरकर नहर किनारे ले जाकर जला दिया था। पुलिस ने अधजले कपड़े और राख भी बरामद की है। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उसने हत्या के लिए ब्लिंकिट से दो चाकू मंगवाए थे और आरी व ड्रम बाजार से खरीदे थे, जिसके साक्ष्य भी पुलिस ने जुटा लिए हैं।
