कानपुर में भीषण जाम: परीक्षा के बाद स्कूली वाहनों ने बढ़ाई मुसीबत, ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई
कानपुर शहर में मंगलवार को एक साथ कई कारणों से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। परीक्षाओं के खत्म होने और स्कूलों से बच्चों के घर लौटने के समय निजी और स्कूली वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग ने बड़े चौराहों पर भीषण जाम लगा दिया। वाहनों की लंबी कतारें परेड तक देखी गईं। उर्सला अस्पताल के पास इमरजेंसी से आने-जाने वाले लोगों की भीड़ ने भी जाम को और बढ़ाया। दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक कई मुख्य मार्ग ठप रहे।
कार्डियोलॉजी के सामने निजी एंबुलेंस और टेंपो की टक्कर से लगे जाम ने गोल चौराहे पर भी असर डाला। पांडुनगर से हैलट या स्वरूपनगर जाने वाले वाहन जाम में फंस गए, जिससे पुल पर भी यातायात प्रभावित हुआ। पांडुनगर की ओर से आने वाले वाहनों की तीन लेन में खड़ी होने से दोनों तरफ से जाम की स्थिति बन गई। लगभग आधे घंटे बाद पुल पर यातायात सामान्य हो सका।
टाटमिल चौराहे पर भी चौतरफा जाम की स्थिति बनी रही। झकरकटी बस अड्डे के सामने रोडवेज बसों की गलत पार्किंग के कारण पूरा रास्ता बंद सा हो गया। इसका असर हैरिसगंज पुल, घंटाघर और नया पुल तक महसूस किया गया। डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार ने बताया कि जाम से निपटने के लिए नो-पार्किंग में खड़ी रोडवेज बसों के चालान किए जा रहे हैं और जल्द ही उन्हें सीज भी किया जाएगा। इस जाम का सीधा असर आम जनता को हुआ, जिन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में अत्यधिक देरी का सामना करना पड़ा।
