लखनऊ में निकली भव्य जिनशासन प्रभावना वाहन रैली, भगवान पार्श्वनाथ को किया नमन
लखनऊ शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का संगम देखने को मिला, जब 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ जी के मोक्ष कल्याणक के पावन अवसर पर पहली बार एक भव्य जिनशासन प्रभावना वाहन रैली निकाली गई। यह आयोजन जैन समाज के लिए विशेष महत्व रखता है।
डालीगंज जैन मंदिर से शुरू हुई इस रैली में सैकड़ों की संख्या में दो पहिया और चार पहिया वाहनों ने भाग लिया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। आचार्य सुबल सागर जी महाराज के सान्निध्य में 500 से अधिक स्कूटी, मोटरसाइकिल, चौपहिया वाहन और दो विंटेज कारों के साथ यह रैली आगे बढ़ी। इसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
पूरे मार्ग में श्रद्धालु जिनशासन के जयकारे लगाते हुए आनंद में झूमते रहे। रैली निराला नगर, आईटी चौराहा, हनुमान सेतु और ग्रीन कॉरीडोर रोड से होते हुए वापस डालीगंज जैन मंदिर पर संपन्न हुई। इस आयोजन ने समुदाय को एकजुटता और धार्मिक प्रभावना का संदेश दिया।
निर्वाण महोत्सव का संदेश
इस अवसर पर अपने मंगल प्रवचन में आचार्य सुबल सागर जी महाराज ने कहा कि भगवान पार्श्वनाथ जी का निर्वाण महोत्सव हमें जीवन की हर परिस्थिति में एकजुट रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने जैन समाज से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एकता और जिनशासन की प्रभावना का परिचय देने का आह्वान किया। रैली में सुबोध जैन जौहरी, आदीश जैन सर्राफ, नीतीश कुमार जैन, विकास जैन, कैलाश चंद्र जैन, रीतेश जैन, वीर कुमार जैन सहित समाज के कई प्रमुख लोग शामिल हुए। इस कार्यक्रम में पूर्व डीजीपी एके जैन, नगर महामंत्री भाजपा घनश्याम अग्रवाल और अध्यक्ष डालीगंज व्यापार मंडल पप्पू बोरा भी उपस्थित रहे।
