साइबर अपराधों से निपटने के लिए फॉरेंसिक ट्रेनिंग जरूरी: ADG PAC (up police news)
उत्तर प्रदेश में साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच, एडीजी पीएसी डॉ. आरके स्वर्णकार ने पुलिसकर्मियों के लिए उन्नत फॉरेंसिक प्रशिक्षण को अनिवार्य बताया है। उन्होंने कहा कि साक्ष्य संकलन में समर्पण और आधुनिक तकनीकी ज्ञान ही इन अपराधों पर प्रभावी ढंग से लगाम लगा सकता है। डॉ. स्वर्णकार रविवार को सरोजनीनगर स्थित उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (UPSIFS) में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज के अपराधी अत्याधुनिक तकनीकों का सहारा लेकर अपराध करते हैं और साक्ष्य मिटाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में, प्रशिक्षित और सजग पुलिसकर्मी ही आधुनिक फॉरेंसिक तकनीकों का उपयोग करके अपराध का खुलासा कर सकते हैं। डॉ. स्वर्णकार ने UPSIFS को उत्तर भारत का एक महत्वपूर्ण फॉरेंसिक संस्थान बताते हुए इसकी स्थापना को मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम बताया।
उन्होंने अपने सेवा अनुभवों को साझा करते हुए संस्थान के निदेशक डॉ. जी.के. गोस्वामी के प्रयासों की सराहना की। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एडीजी डॉ. आरके स्वर्णकार के साथ सेनानायक प्राची सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
