SC के निर्देश के बाद कासगंज में 61 हजार छात्राओं को मिल रहे Sanitary Pads
सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के बाद कासगंज जिले में छात्राओं को मुफ्त सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की व्यवस्था को तेज कर दिया गया है। जिले में किशोरी सुरक्षा योजना के तहत 61 हजार से अधिक छात्राओं को यह सुविधा मिल रही है। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग इस काम में तेजी से जुटे हैं ताकि किसी भी छात्रा को परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, स्कूलों से छात्राओं की संख्या के आधार पर मांग पत्र लिए जाते हैं और उसी हिसाब से आपूर्ति की जाती है। आंकड़ों के मुताबिक, इस साल बेसिक स्कूलों की 22 हजार से ज्यादा छात्राओं को बीआरसी के जरिए पैड उपलब्ध कराए गए हैं। इसी तरह कस्तूरबा विद्यालयों की 1135 और माध्यमिक स्कूलों की 38 हजार से अधिक छात्राओं को जीजीआईसी के माध्यम से यह सुविधा दी गई है।
अब बीएसए और डीआईओएस इस बात की निगरानी करेंगे कि स्कूलों में यह व्यवस्था सही ढंग से चल रही है या नहीं। इसके लिए शिक्षिकाओं के जरिए समय-समय पर चेकिंग कराई जाएगी। साथ ही अधिकारियों का कहना है कि वे प्राइवेट स्कूलों के लिए भी निर्देश जारी करेंगे ताकि वहां भी छात्राओं को यह जरूरी सुविधा मिल सके।
