कासगंज में घने कोहरे के कारण ऑटो दुर्घटना, चालक गंभीर रूप से घायल (Kasganj news)
कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। याकूतगंज के पास घने कोहरे के कारण एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गया। इस हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायल ऑटो चालक की पहचान 24 वर्षीय देवेश पुत्र नरेश चंद्र निवासी ततारपुर कॉलोनी के रूप में हुई है। देवेश ने बताया कि वह सुबह करीब 8 बजे सहावर-सोरों मार्ग से गुजर रहा था। उसी दौरान दो ट्रक ओवरटेक कर रहे थे। कोहरा अधिक होने के कारण वह ट्रकों से बचने की कोशिश में ऑटो पर नियंत्रण खो बैठा और ऑटो पोल से जा टकराया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन घायल को आगे के इलाज के लिए अन्यत्र ले गए हैं।
