अलीगढ़ में पारिवारिक विवाद, पति-पत्नी पर जानलेवा हमला, पत्नी को जलाने की कोशिश
अलीगढ़ के रोरावर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां संपत्ति को लेकर हुई रंजिश में एक पति-पत्नी पर जानलेवा हमला किया गया। आरोपियों ने महिला को जिंदा जलाने की कोशिश की, जबकि पति पर चाकू से हमला किया गया। घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने इस मामले में नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है।
संपत्ति और पुरानी रंजिश बनी हमले की वजह
पीड़ित आविद सैफी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका अपने पिता मकसूद अहमद और भाई आमिर से मकान को लेकर विवाद चल रहा है। आविद का आरोप है कि उसने अपनी मां की हत्या के मामले में पिता के खिलाफ गवाही दी थी, जिसके बाद पिता को सजा हुई थी। पिता फिलहाल जमानत पर बाहर हैं। इसी पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने आविद और उसकी पत्नी आरफीन को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया।
पति पर चाकू से हमला, पत्नी को जलाने का प्रयास
आरोपियों के घर पहुंचने पर पहले से मौजूद पिता मकसूद, भाई आमिर, अलतमस, गुलफसा, शबनम, सलीम, आरजू, फरजाना और फाइजा सहित अन्य लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने आविद को कुर्सी पर बैठाकर लात-घूंसों से पीटा और चाकू से हमला किया, जिससे उसकी गर्दन और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता ने पत्नी आरफीन पर मिट्टी का तेल डाल दिया और भाई आमिर ने माचिस से आग लगा दी। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई गई।
पुलिस ने नौ आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें लगाई गई हैं।
