ECI ने शुरू की ‘Book-a-Call’ सेवा, अब घर बैठे BLO से जुड़ सकेंगे मतदाता
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने मतदाताओं को मतदान से जुड़ी सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। आयोग ने ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ सेवा शुरू की है, जिससे मतदाता अब सीधे अपने बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर सकेंगे।
इस सुविधा का मुख्य उद्देश्य मतदाता सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाना है। अब मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, फोन नंबर और बूथ नंबर की जानकारी देकर बीएलओ से कॉल बैक की रिक्वेस्ट कर सकते हैं। यह सेवा विशेष रूप से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी प्रकार का संशोधन करने के लिए उपयोगी है।
कैसे काम करती है यह सेवा?
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के अनुसार, मतदाता को आयोग की वेबसाइट या ऐप पर जाकर ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ विकल्प चुनना होगा। यहां उन्हें अपना विधानसभा क्षेत्र और बूथ नंबर जैसी जानकारी देनी होगी। रिक्वेस्ट दर्ज होने के मात्र 48 घंटे के भीतर संबंधित बीएलओ मतदाता को फोन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि इस पहल से न केवल मतदाताओं का समय बचेगा, बल्कि मतदाता सूची को भी शत-प्रतिशत शुद्ध और त्रुटिरहित बनाया जा सकेगा। यह सेवा उन मतदाताओं के लिए वरदान साबित होगी जिन्हें काम के कारण या अन्य कारणों से दफ्तरों तक पहुंचना मुश्किल होता है।
सेवा का उपयोग करने की प्रक्रिया
मतदाता चुनाव आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल नंबर से लॉग-इन कर सकते हैं। यदि नंबर रजिस्टर्ड नहीं है, तो ओटीपी के जरिए साइन-अप करें। लॉग-इन के बाद ‘बुक-ए-कॉल विद बीएलओ’ विकल्प पर जाएं। रिफरेंस नंबर से सर्च करने पर आपके बीएलओ की जानकारी स्क्रीन पर आ जाएगी। यहां ‘रिक्वेस्ट कॉल बैक’ पर क्लिक करते ही आपकी कॉल बुक हो जाएगी।
