कानपुर में LT Grade exam में सॉल्वर गिरफ्तार, झारखंड से आई थी महिला
कानपुर में शिक्षक भर्ती परीक्षा में बड़ी सेंधमारी का खुलासा हुआ है। एलटी ग्रेड (सहायक अध्यापक) सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान एक महिला सॉल्वर को गिरफ्तार किया गया। यह घटना माल रोड स्थित एबी विद्यालय परीक्षा केंद्र की है। बायोमेट्रिक मिलान के दौरान महिला के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
कैंट पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान झारखंड के गिरीडीह निवासी शिखा कुमारी के रूप में हुई है। वह फतेहपुर की रहने वाली रेनू यादव की जगह परीक्षा देने आई थी। पूछताछ में शिखा ने बताया कि उसे इस काम के लिए केवल 5,000 रुपये दिए गए थे।
पुलिस को ₹5,000 की मामूली रकम के लिए झारखंड से कानपुर आने की बात पर संदेह है। पुलिस का मानना है कि यह किसी बड़े संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकती है जो प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली करता है। केंद्र प्रभारी की शिकायत पर सॉल्वर और मूल अभ्यर्थी दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मूल अभ्यर्थी रेनू यादव को आयोग की आगामी सभी परीक्षाओं से डिबार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह भी बताया गया है कि इससे पहले भी इस परीक्षा के दौरान अन्य केंद्रों पर चार अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
