20 साल बाद पूरी हुई ग्रामीणों की मांग, विधायक निधि से होगा सड़क निर्माण (road construction news)
मंगलपुर क्षेत्र के डिलवल से उड़नवापुर तक जाने वाले मार्ग की जर्जर हालत से परेशान ग्रामीणों को 20 साल बाद राहत मिली है। लंबे समय से उपेक्षित इस सड़क के निर्माण के लिए अब विधायक निधि से धनराशि आवंटित की गई है।
यह सड़क 20 वर्षों से अधिक समय से खराब थी, जिस पर चलना मुश्किल था। जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी गिट्टी के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। संदलपुर ब्लॉक के इस मार्ग की दुर्दशा से तंग आकर ग्रामीणों ने विगत लोकसभा चुनाव के दौरान एकजुट होकर मतदान का बहिष्कार भी किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ही मतदान शुरू हो पाया था।
ग्रामीणों की लगातार मांग के बाद, सिकंदरा विधायक अजीत पाल ने सड़क निर्माण का आश्वासन दिया था। अब मुख्यमंत्री द्वारा त्वरित विकास के लिए विधायकों को आवंटित की गई निधि से इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा। भाजपा मंडल महामंत्री सर्वेश राजपूत ने बताया कि विधायक निधि से लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण शीघ्र शुरू होगा। सड़क निर्माण से हजारों लोगों को सहूलियत होगी।
