दिल्ली में हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त
पश्चिमी दिल्ली पुलिस ने एक अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 579.55 ग्राम हेरोइन, एक कार और एक स्कूटी भी जब्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में ड्रग्स के तस्कर, बिचौलिए और गिरोह के अन्य सदस्य शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशिका उर्फ किट्टू, रोजा, माखन सिंह, मनीष सिंह और सुमित के रूप में हुई है। पुलिस को 30 अक्टूबर को राजौरी गार्डन इलाके में हेरोइन तस्करी की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापामारी की और दो महिलाओं, कौशिका उर्फ किट्टू और रोजा को पकड़ा। इनके पास से 439.55 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
शुरुआती पूछताछ और तकनीकी जांच के दौरान, इन महिलाओं ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिससे तस्करी के नेटवर्क में और भी लोगों की संलिप्तता का खुलासा हुआ। इसके बाद, पुलिस ने सात नवंबर को माखन सिंह और मनीष सिंह को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि माखन सिंह ग्राहकों की व्यवस्था करने का काम करता था, जबकि मनीष सिंह तस्करी के अंतिम चरण को संभालता था।
लगातार निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की गहन जांच के बाद, पुलिस ने गिरोह के मुख्य तस्कर के रूप में सुमित नामक व्यक्ति की पहचान की। सूत्रों के अनुसार, सुमित आरके पुरम क्षेत्र से इस पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। 15 नवंबर को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सुमित को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी आरके पुरम सेक्टर 12 स्थित झुग्गी से पुलिस ने अतिरिक्त 140 ग्राम हेरोइन बरामद की।
पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार महिला रोजा, मुख्य तस्कर सुमित की पत्नी है, जबकि कौशिका उसकी पत्नी की दोस्त है। ये दोनों महिलाएं हेरोइन बेचने का काम करती थीं। इस पूरे गिरोह के पास से जब्त की गई हेरोइन की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में गिरोह के तार और कहां-कहां तक फैले हैं, इसकी जांच कर रही है।
दिल्ली: छात्र की आत्महत्या पर प्रिंसिपल और तीन शिक्षक निलंबित, FIR दर्ज
कनाडा में रह रहे दंपती को दिल्ली HC से बड़ी राहत, वर्चुअल पेशी को मिली मंजूरी
हाई कोर्ट ने BJP प्रवक्ता पर ट्रायल कोर्ट की कार्रवाई रोकी, अगली सुनवाई 23 मार्च को
भारत-बांग्लादेश NSA की मुलाकात: द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर जोर
राज्यपालों व राष्ट्रपति के विधेयकों पर समयसीमा तय नहीं कर सकता सुप्रीम कोर्ट
पश्चिमी दिल्ली में युवक की गोली मारकर हत्या, तीन नाबालिग गिरफ्तार
आतंकवाद की नई चाल: दिल्ली हमले ने बढ़ाई चिंता, सतर्कता जरूरी
प्रदूषण की सीमाएं नहीं, एयरशेड मॉडल से समाधान की जरूरत
