कानपुर देहात में ठंड का कहर, cold wave death से एक और बुजुर्ग की जान गई
उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है। जिले में लगातार बढ़ती ठंड के कारण हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक के मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को रूरा स्टेशन पर एक बुजुर्ग की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद जिले में ठंड से मरने वालों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है।
कल्याणपुर कानपुर नगर के रहने वाले 60 वर्षीय राम प्रसाद अपनी पत्नी सरोजनी देवी के साथ रूरा थाना क्षेत्र के चिलौली गांव में अपनी ससुराल आए थे। शनिवार सुबह वह वापस घर जाने के लिए रूरा स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें तेज सर्दी लगी और सीने में दर्द शुरू हो गया। उनकी हालत बिगड़ते ही वह प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान मनीष कुमार ने परिजनों की मदद से राम प्रसाद को गंभीर हालत में सीएचसी रूरा पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टर प्रतीक पांडेय ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत से पत्नी सरोजनी देवी बदहवास हो गईं, जबकि पुत्र संदीप और संजय के साथ साले राज बहादुर और राम प्रसाद बिलख उठे।
रूरा स्टेशन से भेजे गए मेमो पर जीआरपी चौकी प्रभारी अर्पित तिवारी ने सीएचसी पहुंचकर छानबीन की। उन्होंने बताया कि परिजनों ने सर्दी लगने और सीने में दर्द से घटना होने की बात कही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कड़ाके की सर्दी हार्ट व सांस के मरीजों के साथ-साथ बुजुर्गों और रात में खेतों पर काम करने वाले किसानों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।
