जिले में Cold wave death का कहर: 36 लोगों की मौत; गजनेर में अधेड़ ने तोड़ा दम
जिले में बदलता मौसम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। सर्दी लगने और सीने में दर्द से लगातार मौतें हो रही हैं। ताजा घटना गजनेर थाना क्षेत्र के मंगटा गांव की है, जहां एक अधेड़ की सर्दी लगने और सीने में दर्द से हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इस घटना के साथ ही जिले में सर्दी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 36 हो गई है।
गजनेर थानाक्षेत्र के मंगटा गांव निवासी 52 वर्षीय धर्मराज गुरुवार को सुबह घाटमपुर स्थित ससुराल गए थे। रात करीब 11 बजे घर लौटने के बाद अचानक उन्हें तेज सर्दी लगी और सीने में दर्द होने लगा। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इसी बीच वह गश खाकर गिर गए और दम तोड़ दिया। पति की मौत से पत्नी माया देवी बदहवास हो गईं, जबकि बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि सीने में दर्द और सर्दी लगने से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर गजनेर जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सर्दी की अनदेखी करना हार्ट और सांस के मरीजों के साथ-साथ रात में खेतों में सिंचाई करने वाले किसानों और बुजुर्गों के लिए घातक साबित हो रहा है।
