कानपुर में KDA संविदा कर्मी ने की आत्महत्या, काम के तनाव में था (Kanpur news)
कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) के भूमि अर्जन विभाग में कार्यरत एक संविदा कंप्यूटर ऑपरेटर ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बर्रा-दो निवासी सुधीर कुमार (44) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि सुधीर काम के अत्यधिक दबाव और बीमारी के चलते लंबे समय से डिप्रेशन में थे। उन्होंने शुक्रवार शाम अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना के समय सुधीर की पत्नी शिवानी बेटे अयांश के बाल कटवाने के लिए सैलून गई हुई थीं। जब वह शाम करीब छह बजे घर लौटीं, तो उन्होंने सुधीर का शव फंदे से लटका देखा। इस दृश्य को देखकर वह चीख पड़ीं, जिसके बाद आसपास के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतक के छोटे भाई गौरव ने बताया कि सुधीर पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, जिसके कारण उनके स्वभाव में बदलाव आ गया था। वह पिछले पांच दिनों से काम पर भी नहीं जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों के बयान के आधार पर पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
