कानपुर के तलाकमहल में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग, तीन दुकानें जलकर खाक (Kanpur fire news)
कानपुर के तलाकमहल इलाके में शनिवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण एक बड़ा हादसा हो गया। दो मंजिला इमारत के भूतल पर स्थित तीन दुकानों में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं। इस दौरान इमारत की ऊपरी मंजिलों पर रह रहे परिवार और भूतल की बिरयानी दुकान में सो रहे दो कर्मचारी धुएं और आग की चपेट में आकर फंस गए। पड़ोसियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही लाटूश रोड, फजलगंज और कर्नलगंज फायर स्टेशनों से तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने सबसे पहले ऊपरी मंजिल पर फंसे लोगों को बरामदे के रास्ते सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद बिरयानी की दुकान का शटर खुलवाकर अंदर फंसे दोनों कर्मचारियों को भी बाहर निकाला गया। करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग बुझने के बाद फायर कर्मियों ने दुकानों के अंदर जांच की। इस दौरान तीन एलपीजी सिलेंडर भी बरामद हुए, जिससे आग के और फैलने का खतरा था। यह हादसा तलाकमहल लालकुआं निवासी मो. शमीम की इमारत में हुआ, जहां हाजी जाहिद की मिठाई की दुकानें और अकील की बिरयानी की दुकान संचालित होती थीं। शॉर्ट सर्किट को आग लगने का प्रारंभिक कारण बताया जा रहा है।
