लखनऊ में छात्र के अपहरण का दावा, पुलिस ने जांच में बताया ‘झूठा’ | Lucknow crime news
लखनऊ के कृष्णानगर थाना क्षेत्र में 11 वर्षीय छात्र के अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे जबरन अगवा करने की कोशिश की, लेकिन छात्र ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाश के हाथ में काटकर भाग निकला। हालांकि, पुलिस ने इस दावे को जांच के बाद खारिज कर दिया है।
पंड़ितखेड़ा स्थित द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी वीरेंद्र कुमार शर्मा के बेटे ईवान (ईवान) ने अपनी मां को बताया कि वह रविवार शाम घर के पास एक जनरल स्टोर से पेंसिल लेकर लौट रहा था। तभी दो बाइक सवार बदमाशों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की। छात्र ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसका मुंह दबा दिया। ईवान ने बहादुरी दिखाते हुए पीछे बैठे बदमाश के हाथ में जोर से काट लिया और चलती बाइक से कूदकर भाग निकला। छात्र ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपनी मां को बताई।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कृष्णानगर थाने में तहरीर दी। छात्र के पिता ने अपहरण के प्रयास का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू की।
कृष्णानगर इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में पाया गया कि छात्र के अपहरण की बात गलत है। पुलिस को मौके से कोई साक्ष्य नहीं मिला। पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने छात्र को लिफ्ट देने की बात कही थी, जिसे छात्र ने मना कर दिया। पुलिस ने कहा कि यह अपहरण का मामला नहीं है और मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाल रही है।
