राम मंदिर चढ़ावे की चोरी पर चिराग पासवान: आस्था से खिलवाड़ करने वालों को मिलेगी सजा, राजनीति पर भी बोले
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की घटना पर लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के नाम पर राजनीति नहीं करनी चाहिए और जिसने भी भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाई है, उसे कड़ी सजा मिलेगी। लखनऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान चिराग ने बताया कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की जांच SIT कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि भक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पहले, चिराग पासवान ने लखनऊ में लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान की जयंती महोत्सव में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर हमला बोला। चिराग ने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने पिछले चुनावों में आरक्षण और संविधान को खतरे में होने का भ्रम फैलाया और संसद में संविधान को हाथ में लेकर गुमराह करने का काम किया। उन्होंने कहा कि ये पार्टियां हमेशा बाबा साहेब और संविधान का अपमान करती रही हैं।
चिराग पासवान ने कार्यकर्ताओं को विश्वास दिलाया कि जब तक वह जीवित हैं, न तो आरक्षण को और न ही संविधान को कोई खतरा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग बार-बार आरक्षण और संविधान के खतरे का भ्रम फैलाते हैं, उन्हें ऐसा नहीं करने दिया जाएगा। चिराग का मानना है कि जात-पात, मजहब-धर्म से ऊपर उठकर पूरे समाज को विकसित करना लक्ष्य होना चाहिए।
उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत रत्न से बाबा साहेब को सम्मानित कराने का काम रामविलास पासवान ने किया था और उनके प्रयासों से ही संसद के सेंट्रल हॉल में बाबा साहेब का चित्र लग पाया। चिराग के अनुसार, आरक्षण की मांग सबसे पहले रामविलास पासवान ने ही उठाई थी और दलित समाज को उठाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है, जबकि कांग्रेस को इस समाज की कभी परवाह नहीं रही। उन्होंने कांग्रेस और सपा पर हमेशा जाति और धर्म के नाम पर लोगों को बांटकर राज करने का आरोप लगाया और ऐसे लोगों की जवाबदेही तय करने की बात कही।
