IPL सट्टेबाजी के लिए बना चेन स्नैचर, पुलिस से बचने को दिल्ली में छिपा था इंटर पास शुभम
राजधानी पटना में गैंग के साथ चेन झपटमारी करने वाला शुभम सट्टेबाजी का आदी था। वह आईपीएल जैसे मैचों में सट्टा लगाता था और हफ्ते में एक लाख रुपये तक खर्च कर देता था। इस शौक को पूरा करने के लिए रुपये की जरूरत के लिए वह अपने साथियों के साथ मिलकर चेन झपटमारी करता था। इंटर पास शुभम गिरोह में नए लड़कों को भी शामिल करता था, खासकर वैसे लड़के, जिनका पूर्व में कोई पुलिस रिकॉर्ड न हो।
उसने पटना पुलिस से बचने के लिए दिल्ली में भी किराये का फ्लैट ले रखा था। अक्सर वह दो से तीन घटनाओं को अंजाम देने के बाद दिल्ली भाग जाता था, ताकि पुलिस उस तक न पहुंच सके। इसके संपर्क में ग्रामीण इलाके के कई जेवर दुकानदार भी थे, जिन्हें वह झपटमारी की चेन बेचकर तुरंत पैसा लेने के एवज में कम पैसा लेता था।
शुभम को पटना पुलिस ने हाल ही में गिरफ्तार किया था। कंकड़बाग और राजीव नगर में एक ही दिन दो चेन झपटमारी की घटना हुई थी। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को अहम सुराग मिला। बाइक पर पीछे बैठने वाले बदमाश का हुलिया और चेहरा भले ही नया था, लेकिन इसमें एक बात समान थी। हर बार वह एक ही जूता पहनकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने निकलता था। जब पुलिस ने उसके हुलिये को देखा तो पता चला कि लुटेरा ही बाइक और जूता पहनकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देता है। इसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
