बाढ़ रेल लूटकांड का मास्टरमाइंड बुधना गिरफ्तार, 10 लाख की लूट के बाद से था फरार
बिहार एसटीएफ ने मंगलवार को पटना जिले में सक्रिय वांछित अपराधी आदित्य कुमार उर्फ बुधन कुमार उर्फ बुधना को गिरफ्तार कर लिया। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में की गई विशेष छापेमारी के दौरान यह गिरफ्तारी हुई। बुधना की गिरफ्तारी का सीधा संबंध 6 अक्टूबर को हुए उस सनसनीखेज लूटकांड से है, जिसमें बाढ़ रेलवे स्टेशन परिसर में एक व्यक्ति को गोली मारकर 10 लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे।
घटना के बाद से ही एसटीएफ लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी और गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को बख्तियारपुर में उसकी घेराबंदी की गई। लंबे समय से फरार चल रहा बुधना इसी वारदात के बाद से पुलिस के रडार पर था। एसटीएफ सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के समय बुधना किसी बड़े आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
अधिकारियों के मुताबिक, बुधना के खिलाफ लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत कुल तीन मामले दर्ज हैं। छापेमारी टीम ने सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए उसे बिना किसी प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया है। बाढ़ रेल थाना पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है, ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
