UP में CBI trap news: GST डिप्टी कमिश्नर समेत 5 गिरफ्तार, 1.5 करोड़ की रिश्वत का मामला
सीबीआई की लखनऊ एंटी करप्शन ब्रांच ने झांसी में करोड़ों की कर चोरी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने सीजीएसटी की डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इन पर एक कारोबारी से 1.5 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। यह रिश्वत कर चोरी के एक मामले को निपटाने के लिए मांगी गई थी। सीबीआई ने आठ दिन की डीलिंग के बाद यह जाल बिछाया था। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, यह पूरा मामला जय दुर्गा हार्डवेयर के प्रोपराइटर राजू मंगनानी से जुड़ा है। सेंट्रल जीएसटी टीम ने करीब आठ दिन पहले हार्डवेयर कारोबारी के यहां छापा मारा था। इसके बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए 70 लाख रुपये की घूस मांगी गई थी। लगातार बातचीत के बाद यह डीलिंग 1.5 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। जीएसटी मामलों के अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता इस पूरे मामले में मध्यस्थता कर रहे थे।
सीबीआई ने मंगलवार को डिप्टी कमिश्नर, दोनों अधीक्षकों और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया। बुधवार सुबह सीबीआई की टीमों ने कई अलग-अलग स्थानों पर छापा मारा। डिप्टी कमिश्नर प्रभा भंडारी को उनके दिल्ली स्थित आवास से गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य चारों आरोपियों को झांसी से पकड़ा गया। पकड़े गए अन्य आरोपियों में अधीक्षक अनिल तिवारी, अजय कुमार शर्मा, अधिवक्ता नरेश कुमार गुप्ता और कारोबारी राजू मंगनानी शामिल हैं। सभी आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाया जा रहा है, जहां गुरुवार को उन्हें विशेष कोर्ट में पेश किया जाएगा।
