Kanpur Dehat news: कड़ाके की सर्दी से एक और मासूम की मौत, 15 हुई मृतकों की संख्या
कानपुर देहात जिले में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का प्रकोप जारी है। सर्दी जनित बीमारियों जैसे जुकाम, खांसी, बुखार और सीने के दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। वहीं, सर्दी लगने के कारण लोगों की मौत का आंकड़ा भी बढ़ रहा है। जिले में अब तक सर्दी से मरने वालों की संख्या 15 हो चुकी है।
गुरुवार सुबह हारामऊ गांव में एक और दुखद घटना सामने आई, जहां सर्दी लगने से एक मासूम बच्चे की जान चली गई। जितेंद्र सिंह के एक वर्षीय पुत्र बाबू की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन बच्चे ने घर पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। बच्चे की मां पूजा बदहवास हो गईं, जबकि अन्य परिजन बिलख उठे। परिजनों ने सर्दी लगने से मासूम की मौत की पुष्टि की, जिसके बाद सेंगुर नदी में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कड़ाके की सर्दी में हार्ट अटैक के साथ-साथ ब्रेन स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है। डॉक्टरों ने रात और सुबह के समय सैर पर जाने वाले लोगों, किसानों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। बड़ी संख्या में बच्चे निमोनिया के शिकार हो रहे हैं, जबकि हार्ट और सांस के मरीजों की सेहत पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
