क्रिसमस डे पर कैरोल गूंजे, शहर में हर्षोल्लास, जरूरतमंदों को दान
क्रिसमस के अवसर पर शहर के नदरई गेट स्थित सीएनआई सदर चर्च में ईसाई समुदाय ने प्रभु यीशु मसीह का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। सुबह चर्च में आयोजित प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। प्रार्थना के बाद जीसस की अराधना की गई, जिसमें पादरी ने युवाओं को प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
चर्च में यीशु के जन्म की घोषणा होते ही कैरोल और घंटे की धुन गूंज उठी। रात को ही समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दी। गुरुवार सुबह से ही शहर के साथ-साथ आसपास के गांवों और कस्बों से भी ईसाई समाज के महिला, पुरुष और बच्चे चर्च पहुंचने लगे। पादरी रै.ह. रंजीत सिंह ने ईसा मसीह का संदेश देते हुए कहा कि दूसरों के दुखों में सहभागी होना और उनकी मदद करना ही यीशु का सच्चा संदेश है। उन्होंने समाज के लोगों से यीशु के आदर्शों पर चलने और शांति, प्रेम व भाईचारे का संदेश फैलाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर अंशु लायल, जीत मसीह, विजय जॉन, अरविंद सहाय, रबैका सिंह, अभिषेक सहाय, ललिता प्रसाद, डेनियल लाल, रुचि डी लाल, सत्यपाल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
जरूरतमंदों को दान का सिलसिला भी जारी रहा। चर्च के बाहर सुबह से ही जरूरतमंदों की कतार लगी थी। प्रार्थना सभा संपन्न होने के बाद ईसाई समुदाय के लोगों ने जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, खाद्य सामग्री और नकदी दान की, साथ ही उन्हें भोजन भी कराया गया। इस पर्व पर शहर में एक सकारात्मक माहौल देखने को मिला, जहाँ लोगों ने मिलकर खुशियाँ मनाईं और जरूरतमंदों की मदद की।
