यूपी में टोल टैक्स बढ़ने से महंगा हुआ बस सफर, इन 6 शहरों के बीच बढ़ेगा किराया
उत्तर प्रदेश में टोल टैक्स की दरों में बढ़ोतरी के बाद अब रोडवेज बसों का सफर भी महंगा होने जा रहा है। लखनऊ से छह प्रमुख शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को जल्द ही बढ़ी हुई दरों के साथ टिकट खरीदना होगा। परिवहन निगम ने टोल टैक्स की बढ़ी हुई दरों के अनुपात में बसों का किराया संशोधित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू हुई टोल दरों के कारण की जा रही है।
लखनऊ के क्षेत्रीय प्रबंधक ने परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक आईटी को पत्र भेजकर किराया संशोधन की मांग की है। यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से लखनऊ-कानपुर, लखनऊ-अयोध्या, लखनऊ-गोरखपुर, लखनऊ-सीतापुर और रायबरेली-प्रयागराज जैसे मार्गों पर पड़ने वाले टोल प्लाजा के कारण हो रही है। इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों पर प्रति यात्री 1 रुपये से 3 रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
परिवहन निगम मुख्यालय से आदेश मिलने के बाद नया किराया ईटीएम (इलेक्ट्रॉनिक टिकट मशीन) में दर्ज किया जाएगा। उम्मीद है कि सोमवार तक संशोधित किराये की सूची जारी हो जाएगी और उसके बाद नया किराया लागू कर दिया जाएगा। इससे लखनऊ से कानपुर, गोरखपुर, रायबरेली, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और सुलतानपुर जाने वाले यात्रियों की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
