IIT BHU में बंपर प्लेसमेंट: 181 कंपनियों ने 716 छात्रों को दिया जॉब ऑफर, 1.67 करोड़ का पैकेज
आईआईटी बीएचयू में रविवार की आधी रात से शुरू हुए कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन मंगलवार की शाम तक कुल 181 कंपनियों ने 716 मेधावी छात्रों को जॉब ऑफर दिए। पहले दिन ही 17 मेधावी छात्रों को 1 करोड़ रुपये से अधिक के पैकेज मिले। एक छात्र को 1.67 करोड़ रुपये का सर्वाधिक पैकेज मिला, जो इस सीजन का सबसे बड़ा ऑफर है।
प्लेसमेंट के पहले दिन के दूसरे स्लॉट में 56 कंपनियों ने 227 छात्रों को जॉब ऑफर दिए, जबकि पहले स्लॉट में 55 कंपनियों द्वारा 209 छात्रों को नौकरी का आमंत्रण दिया गया। अब तक 70 कंपनियां 280 छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) दे चुकी हैं। इसके अलावा, 98 कंपनियों ने प्री-फाइनल ईयर के 443 विद्यार्थियों को सवेतनिक इंटर्नशिप का न्यौता दिया है। दूसरे दिन पैकेज की न्यूनतम सीमा 32.89 लाख रुपये रही।
सेवायोजन विभाग के समन्वयक प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आईआईटी बीएचयू की प्रतिष्ठा और यहां के छात्रों की प्रतिभा को देखते हुए देश-दुनिया की सैकड़ों कंपनियों ने अपने द्वार खोल दिए हैं। पिछले वर्ष जनवरी माह में एक छात्र को अब तक का सर्वाधिक 2.2 करोड़ रुपये के पैकेज का आमंत्रण मिला था। आने वाले दिनों में यहां के छात्रों को और भी बेहतर प्लेसमेंट मिल सकता है।
