वाराणसी में 10 दिन तक ‘अंधेरा’ छाएगा! इस वजह से रोज 4 घंटे कटेगी बिजली
वाराणसी में मोहनसराय-दीनदयाल उपाध्याय नगर-चकिया राज्य मार्ग (एसएच-120) के चौड़ीकरण का काम तेजी से चल रहा है। 11.18 किमी हिस्से को सर्विस लेन सहित छह लेन व चार लेन में चौड़ा करने के इस कार्य में रास्ते में आ रहे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर बाधा बन रहे हैं।
इन बाधाओं को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम से शटडाउन मांगा है। यह शटडाउन 3 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 तक लगातार 10 दिनों के लिए होगा।
शटडाउन के दौरान प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक 11 केवी महेशपुर डीपीएच, महेशपुर-कोटवां और मढौली फीडर पर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इससे महेशपुर, कोटवां, मढौली, चकिया और आसपास के दर्जनों मोहल्लों व गांवों में दिन के समय बिजली गुल रहेगी।
लोक निर्माण विभाग ने जिलाधिकारी और ट्रैफिक पुलिस को भी पत्र भेजकर शटडाउन के दौरान यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने का अनुरोध किया है। ठेकेदार कंपनी मेसर्स सीएस इन्फ्राकंस्ट्रक्शन इस काम को कर रही है। निवासियों से अपील की गई है कि इस अवधि में जरूरी काम निपटा लें और इन्वर्टर-जेनरेटर की व्यवस्था रखें।
