बिहार का मखाना बना ग्लोबल सुपरफूड, भारत पर्व झांकी में मिला खास स्थान
बिहार का मखाना, जो पारंपरिक रूप से मिथिलांचल के पोखरों से आता है, अब ‘लोकल से ग्लोबल’ तक का सफर तय कर चुका है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘भारत पर्व’ में बिहार की झांकी के लिए मखाना का चयन इस बात का प्रमाण है कि यह उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुपरफूड के तौर पर पहचाना जा रहा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने इस चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आत्मनिर्भर बिहार की सशक्त पहचान है।
यह झांकी बिहार की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक सामर्थ्य को प्रदर्शित करती है, जिसका थीम ‘मखाना लोकल से ग्लोबल तक’ है। भारत पर्व में देश की विविधताओं को झांकियों, हस्तशिल्प और खानपान के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। जीआई टैग, महिला सहभागिता और किसानों की मेहनत ने मखाना को अंतरराष्ट्रीय सुपरफूड बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने इसे बिहार के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 26 जनवरी की झांकी में मखाना को शामिल करने से इसके प्रचार-प्रसार में काफी वृद्धि होगी और यह विश्व पटल पर और अधिक स्थापित होगा। यह पहल ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करती है, जहाँ स्थानीय उत्पादों को नवाचार के माध्यम से वैश्विक पहचान मिल रही है।
