बगहा-बेतिया NH 727 सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप, गुणवत्ता पर उठे सवाल
बगहा और बेतिया को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 727 (NH 727) से भैरोगंज-कोल्हुआ सड़क के निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह बहुप्रतीक्षित सड़क अभी पूरी तरह बनकर तैयार भी नहीं हुई है कि कई जगहों से उखड़ने लगी है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और निर्माण के दौरान मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क की ऊपरी परत कई स्थानों पर टूट गई है और अलकतरा से छोटी-छोटी चिप्स अलग हो चुकी हैं, जिससे आवागमन दूभर हो गया है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के टायर खराब हो रहे हैं और फिसलन व गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
यह सड़क भैरोगंज, नड्डा, कोल्हुआ, पकड़ी, सिकटौर, हरपुर, गढ़ईया और चौतरवा सहित कई गांवों को सीधे NH 727 से जोड़ती है। ग्रामीणों ने निर्माण में गुणवत्ता से समझौता करने और विभागीय अधिकारियों द्वारा समय पर निगरानी न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के सहायक अभियंता राम नारायण शाह ने स्वीकार किया कि ठंड के मौसम के कारण कुछ जगहों पर अलकतरा सड़क से अलग हुआ है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार को मरम्मत का निर्देश दिया गया है और गुणवत्ता जांच के बाद ही भुगतान किया जाएगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग मामले को गंभीरता से लेकर जल्द सड़क की मरम्मत कराएगा।
