57 की उम्र में कमाल! CRPF डिप्टी कमांडेंट ने 1000 KM अल्ट्रा साइकिलिंग कर युवाओं को दिया बड़ा संदेश
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के डिप्टी कमांडेंट सोहन सिंह रावत ने 57 वर्ष की उम्र में एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने गुवाहाटी-डिब्रूगढ़-गुवाहाटी रूट पर 1000 किलोमीटर की अल्ट्रा साइकिलिंग सफलतापूर्वक पूरी की। यह यात्रा उन्होंने 71 घंटे 45 मिनट में पूरी की, जिसमें साइकिल चलाने का वास्तविक समय 49 घंटे 45 मिनट रहा।
मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के रहने वाले सोहन सिंह रावत ने इस उपलब्धि से यह साबित कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शारीरिक फिटनेस और मानसिक दृढ़ता से बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है।
यह पहली बार नहीं है जब रावत ने ऐसा कारनामा किया है। वह पहले भी 200, 300, 400 और 600 किलोमीटर की लगातार साइकिलिंग के रिकॉर्ड बना चुके हैं। उनके इन प्रयासों के लिए उन्हें दो बार प्रतिष्ठित ‘सुपर रेंडोनियर’ का खिताब भी मिल चुका है। यह उपलब्धि उन्होंने गुवाहाटी रेंडोनियर्स के तत्वावधान में पूरी की।
