दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री से मारपीट का आरोप, Air India Express ने पायलट को दिया नोटिस
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने पायलट वीरेंद्र सहगल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। पायलट को दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर एक यात्री के साथ मारपीट के आरोप में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। यह घटना 19 दिसंबर को हुई थी, जब पायलट ड्यूटी पर नहीं था।
यात्री अंकित दीवान ने आरोप लगाया कि वह अपने चार महीने के बच्चे के साथ यात्रा कर रहे थे। एयरपोर्ट स्टाफ ने उन्हें स्टाफ सिक्योरिटी चेक का उपयोग करने की अनुमति दी थी। इसी दौरान ऑफ-ड्यूटी पायलट सहगल वहां मौजूद थे और उन्होंने यात्री के वहां होने पर आपत्ति जताई। विवाद बढ़ने पर पायलट ने कथित तौर पर यात्री पर हमला कर दिया, जिससे यात्री के चेहरे और नाक से खून बहने लगा।
घटना के बाद यात्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कीं, जिससे यह मामला सुर्खियों में आया। एयर इंडिया एक्सप्रेस ने आरोपों को स्वीकार करते हुए पायलट को ड्यूटी से हटा दिया था। हालांकि, एयरलाइन ने बाद में एक बयान जारी कर कहा कि यह घटना ‘पायलट बनाम यात्री’ विवाद नहीं है, बल्कि दो यात्रियों के बीच का व्यक्तिगत मामला था। एयरलाइन ने कहा कि सोशल मीडिया पर तथ्यों को एकतरफा और अधूरा पेश किया गया है। एयरलाइन अब इस मामले की जांच के लिए एक बाहरी समिति गठित कर रही है।
