कफ सीरप तस्करी मामले में अखिलेश यादव का पलटवार, योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप | UP politics news
उत्तर प्रदेश में कोडीन युक्त कफ सीरप की तस्करी के मामले में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर पलटवार किया है। अखिलेश यादव ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि योगी सरकार इस मामले में जानबूझकर सच्चाई छिपा रही है और कई असली माफिया को बचाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की मंशा साफ नहीं है और वह केवल राजनीतिक लाभ के लिए बयानबाजी कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में आरोप लगाया था कि तस्करी में पकड़े गए लोगों के संबंध समाजवादी पार्टी से हैं। इस पर जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर तस्वीरों को ही आधार मान लिया जाए और मेरे साथ खड़ा होने वाला ही माफिया है, तो मेरी तस्वीर तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के साथ भी है। उन्होंने कहा कि किसी प्रदेश के मुख्यमंत्री का झूठ बोलना कल्पना से परे है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि कोडीन युक्त कफ सीरप का अवैध कारोबार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से फैला हुआ है और इसकी कीमत हजारों करोड़ रुपये में है। उन्होंने मांग की कि अगर सरकार सच में माफियाओं के खिलाफ है, तो जिन-जिन लोगों की तस्वीरें मेरे साथ दिखाई जा रही हैं, उनके घरों पर भी बुलडोजर चलना चाहिए। अखिलेश ने कहा कि चाहे ‘कालीन भैया’ हों या ‘कोडीन भैया’, इस अवैध धंधे में शामिल हर व्यक्ति पर एक समान कार्रवाई होनी चाहिए।
