आगरा: चार्जिंग पर लगी ई-स्कूटी में भीषण धमाका, आग की लपटों ने दूसरे वाहन को भी लिया चपेट में
उत्तर प्रदेश के आगरा में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में चार्जिंग के दौरान तेज धमाके के साथ आग लगने की घटना सामने आई है। यह हादसा शाहगंज के व्यस्त रूई की मंडी चौराहे पर रविवार रात को हुआ। मिष्ठान की दुकान चलाने वाले विशाल गोयल ने अपनी ई-स्कूटी को दरवाजे के सामने चार्जिंग पर लगाया हुआ था। इसी दौरान अचानक स्कूटी की बैटरी में जोरदार धमाका हुआ और उसमें आग लग गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास की दुकानों में मौजूद लोग दहशत में आ गए और वहां से भाग खड़े हुए। ई-स्कूटी से निकलती आग की लपटों ने पास में खड़े एक और स्कूटर को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहन जलकर खाक हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाके के बाद करीब 20 मिनट तक बाजार में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 45 मिनट के प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डीके सिंह ने बताया कि हादसे का कारण चार्जिंग के दौरान ई-स्कूटी की बैटरी का फटना बताया गया है। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई भी व्यक्ति स्कूटी के पास नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
