नवोदय विद्यालयों में कक्षा 9 और 11 प्रवेश के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी, 22 अक्टूबर तक मौका | education news
नवोदय विद्यालय समिति ने देश के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों में कक्षा 9 और कक्षा 11 की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली लेटरल एंट्री सिलेक्शन टेस्ट (LEST-2027) प्रक्रिया के तहत आवेदन की समय सीमा बढ़ा दी है। जिन छात्र-छात्राओं ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया था, उनके पास अब 22 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करने का सुनहरा अवसर है। इस विस्तार से उन विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है जो किन्हीं कारणों से तय समय पर फॉर्म नहीं भर सके थे।
जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें। अंतिम दिनों में सर्वर पर अत्यधिक दबाव होने के कारण तकनीकी बाधाएं आ सकती हैं, जिससे आवेदन छूटने का जोखिम रहता है। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है और इसके लिए छात्रों को निर्धारित पोर्टल पर विजिट करना होगा।
आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने के बाद नवोदय विद्यालय समिति द्वारा छात्रों को उनके फॉर्म में त्रुटियों को सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक करेक्शन विंडो सक्रिय रहेगी। हालांकि, छात्र इस दौरान केवल विशिष्ट विवरणों जैसे श्रेणी, लिंग, ग्रामीण-शहरी क्षेत्र और दिव्यांगता से जुड़ी जानकारियों में ही संशोधन कर सकेंगे, अन्य मुख्य विवरणों में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
