लखनऊ व्यापारी शिवा हत्याकांड: नेपाल में ठिकाना बदल रही मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे, पुलिस के हाथ अब भी खाली | lucknow crime
लखनऊ में हुए सनसनीखेज शिवा शर्मा हत्याकांड के मामले में पुलिस की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। घटना को आठ दिन बीत जाने के बाद भी इस हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे और उसकी बहन रश्मि दुबे पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस और एसओजी की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं, लेकिन फरार बहनें लगातार कानून की आंख में धूल झोंक रही हैं।
खुफिया इनपुट के अनुसार, मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे वर्तमान में पड़ोसी देश नेपाल में छिपी हुई है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बेहद शातिराना तरीके से रोजाना अपने शहर और ठिकाने बदल रही है। जांच से जुड़े सूत्रों का कहना है कि पुलिस को जब कभी उसकी सटीक लोकेशन मिलती है, उसके महज चार घंटे पहले ही वह उस स्थान को छोड़कर फरार हो जाती है। अंतरराष्ट्रीय सीमा और तकनीकी सहायता मिलने में हो रही देरी का फायदा उठाकर वह लगातार अपनी पोजीशन बदल रही है, जिससे पुलिसई दबिश हर बार नाकाम हो रही है।
फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस तकनीक का सहारा ले रही है। श्रद्धा की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए भारत के तीन और नेपाल के एक यानी कुल चार मोबाइल नंबरों को सर्विलांस पर रखकर ट्रैक किया जा रहा है। इन नंबरों के जरिए मिलने वाले डिजिटल फुटप्रिंट्स के आधार पर पुलिस उसके संभावित ठिकानों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। हालांकि, नेपाल में लोकेशंस का बार-बार बदलना पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
इस बीच, आरोपी श्रद्धा दुबे ने हत्याकांड के कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की थी। वीडियो सामने आने के बाद से उसने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से पूरी तरह दूरी बना ली है। यहां तक कि उसने अपना बयान सीधे अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड करने के बजाय किसी करीबी के जरिए वायरल कराया था ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के खुलासे और दोनों फरार बहनों की गिरफ्तारी से ही इस मामले से जुड़े कई अनसुलझे रहस्यों से पर्दा उठ सकेगा।
