भारतीय सेना में इंजीनियरिंग छात्रों के लिए इंटर्नशिप का मौका, मिलेगा भारी स्टाइपेंड | national news
भारतीय सेना ने तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर पेश किया है। सेना की वेस्टर्न कमांड की ओर से पंचकूला में तीन महीने की फुल स्टैक सॉफ्टवेयर डेवलपर इंटर्नशिप शुरू की जा रही है, जो एक नवंबर से शुरू होगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य तकनीकी रूप से दक्ष युवाओं को भारतीय सेना के सॉफ्टवेयर सिस्टम्स के साथ काम करने का व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है।
इस इंटर्नशिप के लिए बीटेक, बीई या समकक्ष डिग्री के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत छात्र पात्र हैं। कंप्यूटर साइंस, इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग से जुड़े छात्र इसमें आवेदन कर सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने 75,000 रुपये का स्टाइपेंड दिया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें 15 एआईसीटीई क्रेडिट और एक आधिकारिक सरकारी प्रमाण-पत्र भी प्राप्त होगा, जो उनके भविष्य के करियर के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले एआईसीटीई नेशनल इंटर्नशिप पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को तकनीकी साक्षात्कार या कोडिंग टेस्ट से गुजरना होगा। इसके अतिरिक्त, चयनित होने पर पुलिस वेरिफिकेशन सर्टिफिकेट, डिग्री सत्यापन, सरकारी पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो जमा करना अनिवार्य होगा। इच्छुक और योग्य छात्र 15 अक्टूबर तक इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
