रसोई में बाहरी को न घुसने दें, दुश्मन कर सकते हैं साजिश: CM योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में कार्यरत रसोइयों को संबोधित करते हुए कहा कि रसोईं में किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश न करने दें, क्योंकि दुश्मन साजिश रच सकते हैं। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और फूड प्वॉइजनिंग से बचाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम पोषण मिशन के तहत मेन्यू में मिलेट्स, स्थानीय व्यंजन और मौसमी फलों को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बेसिक शिक्षा परिषद के 1.42 लाख विद्यालयों में पढ़ने वाले डेढ़ करोड़ बच्चों के लिए रसोइयों को कैशलेस उपचार और दो लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि रसोइया केवल पेट भरने का काम नहीं कर रही हैं, बल्कि वे देश के बचपन को स्वस्थ और समर्थ बनाने के अभियान का हिस्सा हैं। उन्होंने कोरोना काल और महाकुंभ में रसोइयों के योगदान की भी सराहना की।
मुख्यमंत्री ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार ने नकल को बढ़ावा देकर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया था, जबकि वर्तमान सरकार ने ऑपरेशन कायाकल्प के माध्यम से विद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार किया है। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा व्यवस्था नकलमुक्त और कौशल-आधारित है, जिससे बच्चों का भविष्य उज्ज्वल होगा।
