आगरा में किन्नरों संग युवक का आतंक, बस्ती में पथराव और धमकी; सात के खिलाफ FIR दर्ज
आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र के सिद्ध साहनी नगर में एक युवक द्वारा किन्नरों के साथ मिलकर बस्ती में लोगों का रास्ता रोकने और विरोध करने पर मारपीट व पथराव करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इसके बाद समझौते के बहाने बुलाकर चाकू और तलवार से जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ मारपीट और बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित वीरेंद्र के अनुसार, बस्ती का रोहित उर्फ राकी आए दिन किन्नरों के साथ बस्ती में आकर लोगों से अभद्रता करता है और मारपीट करता है। उसके भाई नितिन भी इसमें शामिल रहता है। नौ अगस्त की रात रोहित किन्नरों के साथ आया और वीरेंद्र का रास्ता रोक अभद्रता करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की गई। जब बस्ती वाले बचाने आए तो रोहित और उसके साथ आए किन्नरों ने पथराव कर दिया।
बाद में, रोहित और नितिन के भाई संजय ने बस्ती वालों को समझौते के लिए बुलाया। मना करने पर दोबारा चाकू और तलवार से हमला करने की धमकी दी। पुलिस में शिकायत करने पर सबक सिखाने की बात कही। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि रोहित, नितिन, संजय, धवन और अज्ञात किन्नरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। ऐसे हमलों से आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठते हैं और उन्हें त्वरित न्याय की आवश्यकता है।
