Agra News: साली से दुष्कर्म कर वीडियो व्हाट्सएप स्टेटस पर लगाया, जीजा गिरफ्तार
आगरा के एकता थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक जीजा ने अपनी साली के साथ दुष्कर्म किया और इस कृत्य का वीडियो भी बना लिया। घटना के बाद आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने विरोध किया तो आरोपी ने वीडियो को अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर लगा दिया, जिससे हड़कंप मच गया।
पीड़िता के अनुसार, करीब 20 दिन पहले वह अपने मायके आई थी, तभी उसके जीजा, जो मथुरा के तेहरा, जैत का रहने वाला है, घर आया। घरवाले खेत पर गए हुए थे और वह अकेली थी। इसी का फायदा उठाकर जीजा ने उसे दबोच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान उसने अपने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया और धमकी दी कि अगर किसी को कुछ बताया तो वीडियो वायरल कर देगा। पीड़िता डर गई कि वह अपने पति और ससुराल वालों को क्या जवाब देगी, और बड़ी बहन पर क्या बीतेगी।
पीड़िता ने बताया कि उसकी खामोशी का फायदा उठाकर जीजा उसे ब्लैकमेल करने लगा और उस पर पत्नी की तरह रहने और जब बुलाए तब आने का दबाव बनाने लगा। जब पीड़िता ने उसकी बात नहीं मानी, तो आरोपी ने उसका वीडियो अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर डाल दिया, जिसे परिवार और रिश्तेदारों ने भी देखा। इसके बाद घरवालों ने पीड़िता को हिम्मत दी और वह पुलिस के पास पहुंची। पुलिस ने दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी मधुवन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के मोबाइल को भी कब्जे में ले लिया है, जिसमें वीडियो को साक्ष्य के तौर पर इस्तेमाल किया जाएगा। इस घटना ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया है, जहां एक बेटी को न्याय दिलाने की कोशिश में दूसरी बेटी का घर बिखरने की कगार पर है।
