डॉ. नीलम आईईटीई गवर्निंग काउंसिल ईस्ट जोन के लिए निर्वाचित, Tech Leadership में नया अध्याय
वरिष्ठ शिक्षाविद् और प्रख्यात शोधकर्ता डॉ. नीलम श्रीवास्तव को इंस्टीट्यूशन ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर्स (आईईटीई) की गवर्निंग काउंसिल ईस्ट जोन 2026-29 के लिए निर्वाचित किया गया है। यह चयन तकनीकी क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है।
आईईटीई गवर्निंग काउंसिल में यह चुनाव डॉ. नीलम के चार दशकों से अधिक के शिक्षण, अनुसंधान और अकादमिक नेतृत्व के अनुभव का प्रमाण है। माइक्रोवेव डिवाइस, ऑप्टिकल एवं कॉग्निटिव रेडियो नेटवर्क्स और माइक्रोस्ट्रिप एंटीना जैसे क्षेत्रों में उनके कार्य ने अकादमिक जगत में नई दिशाएं खोली हैं। उनके 100 से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं और उन्होंने कई पीएचडी शोधार्थियों को सफलतापूर्वक मार्गदर्शन प्रदान किया है।
डॉ. नीलम ने आईईटी लखनऊ में विभागाध्यक्ष, डीन प्रशासन, डीन प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। इसके अतिरिक्त, वह उत्तर प्रदेश में टीईक्यूआईपी-द्वितीय विश्व बैंक परियोजना की राज्य समन्वयक भी रह चुकी हैं। आईईईईई लखनऊ केंद्र की मानद सचिव के रूप में भी उन्होंने संगठन को मजबूती दी है।
इस उपलब्धि पर डॉ. नीलम श्रीवास्तव ने मतदाताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी उन्हें संगठन को और अधिक सशक्त, नवाचार-आधारित और समाजोपयोगी बनाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने उद्योग-अकादमिक सहयोग, युवा कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और तकनीकी प्रगति को अपनी प्राथमिकता बताया। आईईटी लखनऊ के निदेशक, कुलसचिव, शिक्षकों और विद्यार्थियों सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी है।
