लखनऊ: हॉस्टल में घुसकर छात्रा से मारपीट, छेड़छाड़ का प्रयास, CCTV फुटेज से खुला राज
लखनऊ के बीबीडी थानाक्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक हॉस्टल के अंदर घुसकर ग्रेजुएशन की छात्रा के साथ न सिर्फ मारपीट की गई, बल्कि छेड़छाड़ का प्रयास भी किया गया। यह घटना आजमगढ़ की रहने वाली छात्रा के साथ हुई, जो मां वैष्णवी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही है।
पीड़िता के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे तीन लोग जबरन हॉस्टल में घुसे और उसे कमरे में बंद कर मारपीट की। आरोप है कि चाकू से हमला करने का भी प्रयास किया गया, जिससे छात्रा घायल हो गई। आरोपियों ने उसे रिसेप्शन तक घसीटा और सबके सामने पीटा। छात्रा का कहना है कि यह पूरी घटना हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
छात्रा ने बताया कि जौनपुर निवासी एक युवक पहले से उसे अश्लील मैसेज भेज रहा था, जिसका विरोध करने पर यह हमला हुआ। छात्रा ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने हॉस्टल सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
