UP school exam: तीन कक्षाओं का एक ही प्रश्न पत्र, AAP ने अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की
उत्तर प्रदेश के प्राथमिक स्कूलों में वार्षिक परीक्षाओं के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। आम आदमी पार्टी (AAP) ने आरोप लगाया है कि लखनऊ में कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों को खेल और स्वास्थ्य विषय का एक ही प्रश्न पत्र दिया गया। पार्टी के शिक्षक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने इस मामले को अधिकारियों की घोर लापरवाही बताया है। उन्होंने कहा कि सीतापुर समेत अन्य जिलों में इन कक्षाओं के लिए अलग-अलग प्रश्न पत्र तैयार किए गए थे, लेकिन लखनऊ में तीनों कक्षाओं के लिए एक ही पेपर से परीक्षा करा दी गई।
AAP ने इस मामले की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है। पार्टी ने कहा है कि प्रश्न पत्र बनाने और वितरण की प्रक्रिया में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
पार्टी ने प्रदेश की बेसिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पूरी तरह से बेपटरी हो चुकी है। शिक्षकों को बीते चार महीनों से एसआईआर, पंचायत चुनाव और बोर्ड परीक्षा जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया गया है। इसके चलते शिक्षक स्कूलों में बच्चों को पढ़ाने के लिए उपलब्ध नहीं रहे। पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया और बच्चे बिना तैयारी के वार्षिक परीक्षाएं दे रहे हैं।
