गंगा नदी के वेटलैंड्स पर होगा बड़ा शोध, कानपुर के प्रोफेसर को मिली ICSSR की मंजूरी
गंगा नदी के संरक्षण और पुनर्जीवन के प्रयासों को वैज्ञानिक आधार देने के लिए एक महत्वपूर्ण शोध परियोजना शुरू होने जा रही है। कानपुर के पीपीएन कॉलेज के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. काशिफ इमदाद को भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICSSR) ने इस प्रमुख शोध परियोजना के लिए चुना है। यह शोध परियोजना 24 माह तक चलेगी और इसका शीर्षक ‘वेटलैंड फॉर गंगा’ है।
शोध का मुख्य उद्देश्य गंगा नदी बेसिन में स्थित आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) का विस्तृत अध्ययन करना है। इसमें इन वेटलैंड्स के पर्यावरणीय स्वास्थ्य की जांच की जाएगी, साथ ही जल प्रवाह के साथ उनके आपसी संबंधों को समझा जाएगा। शोध में उन समुदायों की आजीविका से जुड़ी समस्याओं पर भी ध्यान केंद्रित किया जाएगा जो इन आर्द्रभूमियों पर निर्भर हैं।
डॉ. इमदाद ने बताया कि गंगा से जुड़ी आर्द्रभूमियां पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल संरक्षण और स्थानीय लोगों की आजीविका के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इस परियोजना के माध्यम से इनकी वर्तमान स्थिति और संरक्षण के उपायों का विस्तृत अध्ययन किया जाएगा, जिससे भविष्य की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अनूप कुमार सिंह ने इस उपलब्धि के लिए डॉ. इमदाद को बधाई दी को बधाई दी।
